Trending

खेल-खेल में 10 साल की मासूम की दर्दनाक मौत, गले में गमछा फंसने से गई जान परिवार में पसरा मातम

Table of Content

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बालको थाना क्षेत्र के सतनाम नगर में खेलते-खेलते एक 10 वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। बच्ची के गले में गमछा फंसने से उसका दम घुट गया। आनन-फानन में परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार, मृतक बच्ची की पहचान रोमा राज के रूप में हुई है। रोमा मूल रूप से गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली थी और वर्तमान में अपने परिवार के साथ बालको के सतनाम नगर में रहती थी। वह कक्षा तीसरी की छात्रा थी। परिवार में उसका एक छोटा भाई भी है।

भाई के साथ खेलते समय हुआ हादसा

परिजनों के मुताबिक, घटना के समय रोमा अपने छोटे भाई के साथ घर में खेल रही थी। खेल-खेल में उसने गमछे को ऊपर की ओर बांध लिया और उसमें सिर डालने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि बच्ची पहले भी अपने छोटे भाई को हंसाने के लिए इस तरह की हरकत मजाक में किया करती थी, लेकिन इस बार यह खेल एक दर्दनाक हादसे में बदल गया।

अचानक गमछा उसके गले में कस गया, जिससे उसका दम घुटने लगा। कुछ देर तक बच्ची को परेशानी में देखकर परिजनों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी।

अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत

परिजन तुरंत बच्ची को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि, काफी प्रयासों के बाद भी डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और उसे मृत घोषित कर दिया गया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है।

इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों ने भी इस दुखद हादसे पर शोक व्यक्त किया है। वहीं, परिजनों ने अन्य अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों के खेलते समय उनकी गतिविधियों पर विशेष नजर रखें, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Anjali

Politics

Sports

Contact

Head office: News Inc India, Baba Kharak Singh Marg, New Delhi, Delhi, 110001

Corporate office: News Inc India, Opposite-Udyog Bhawan, Ring Road No-1, Raipur, Chhattisgarh, 492001
Email: newsincindia@gmail.com
Tel: 8269955023

Copyright © 2026 News Inc. India, All Rights Reserved