बलरामपुर, 17 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी की डूबने से मौत हो गई। पति अचानक तालाब में गिरकर डूबने लगा, तो उसे बचाने के लिए पत्नी ने बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी। लेकिन पति को बचाने की कोशिश में पत्नी भी गहरे पानी में डूब गई। हादसे में दोनों की मौत हो गई।
घटना कुसमी थाना क्षेत्र के अमरपुर के बड़का जोभी गांव की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान मुनेश्वर नाग और उनकी पत्नी घुघरी नाग के रूप में हुई है।
पति को डूबता देख पत्नी ने लगाई छलांग
जानकारी के अनुसार, वन विभाग के तालाब में मुनेश्वर नाग अचानक गिर गए और गहरे पानी में डूबने लगे। पति को मुश्किल में देखकर घुघरी नाग ने उन्हें बचाने के लिए तालाब में छलांग लगा दी। दोनों ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन गहरे पानी के कारण सफल नहीं हो सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।
इसी दौरान मौके पर मौजूद रिश्तेदार जसमती भी दोनों को बचाने के लिए तालाब में उतर गईं। हालांकि ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए जसमती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
पुलिस ने शवों को तालाब से निकलवाया
हादसे की सूचना मिलते ही कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने दोनों के शवों को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) भेजा गया।
बताया गया कि अस्पताल में शव वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण परिजनों को निजी वाहन से शव अस्पताल ले जाना पड़ा।
परिवार में छाया मातम
एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में पति-पत्नी की जान चले जाने की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।कुसमी पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और हादसे की जांच की जा रही है। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी जुटा रही है।



