कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में शासकीय स्कूल के शिक्षक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा लोहारा थाना क्षेत्र के बीचापुर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
जानकारी के मुताबिक, बाइक और स्कूटी दोनों तेज रफ्तार में थे। इसी दौरान बीचापुर के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में श्याम चरण की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वे राजनांदगांव के रहने वाले थे और रणवीरपुर स्थित शासकीय स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे।
वहीं, हादसे में घायल देवदास मार्कंडेय (18) और पुनीत रात्रे (19), दोनों नवापारा निवासी, को इलाज के लिए कवर्धा जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में देवदास मार्कंडेय ने दम तोड़ दिया, जबकि पुनीत रात्रे की उपचार के दौरान मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही लोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दुर्घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की जानकारी जुटाई। तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसकी वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।



