खैरागढ़। खरीफ सीजन 2026 में किसानों को गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशन और उप संचालक कृषि राजकुमार सोलंकी के मार्गदर्शन में जिले में कृषि आदान विक्रेताओं की लगातार जांच की जा रही है।
इसी अभियान के तहत गंडई के बाजार चौक स्थित हरिओम कृषि केंद्र के धमधा रोड पर संचालित अवैध गोदाम पर कृषि विभाग की टीम ने कार्रवाई की। जांच के दौरान गोदाम को सील कर संदिग्ध कीटनाशक और उर्वरक जब्त किए गए। जब्त सामग्री को संचालक नीरज अग्रवाल की सुपुर्दगी में रखा गया है।
वहीं राघवेन्द्र कृषि केंद्र में उर्वरक नियंत्रण आदेश के उल्लंघन का मामला सामने आने पर विभाग ने संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
खैरागढ़ विकासखंड के रेंगाकठेरा स्थित दक्ष एग्रोटेक में भी विभाग ने कार्रवाई की। यहां बिना स्रोत प्रमाण पत्र के रखे गए करीब 250 लीटर अवैध जैव उत्प्रेरक को जब्त किया गया। मामले को आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।
इसके अलावा भंडारणपुर के सूर्याश कृषि केंद्र और परसाही के प्राची कृषि केंद्र में बिना अनुज्ञप्ति जैव उर्वरक बेचने का मामला सामने आया। विभाग ने संबंधित स्टॉक को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
किसानों के हित में जारी रहेगी कार्रवाई
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। नियमों के विपरीत कृषि आदानों की बिक्री, अनुज्ञप्ति की शर्तों का उल्लंघन, बिना आवश्यक दस्तावेज के सामग्री का भंडारण और अवैध बिक्री करने वाले विक्रेताओं के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



