रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उरला थाना क्षेत्र के मेटल पार्क इलाके में तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल काम पर जा रही एक महिला को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
ऑफिस जाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, हादसा बुधवार सुबह करीब 8 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि राजेश्वरी वर्मा अपने ऑफिस जाने के लिए पैदल जा रही थीं। इसी दौरान मेटल पार्क क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद महिला ट्रक के पहिए के नीचे आ गईं। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद जुटी भीड़
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे की परिस्थितियों और ट्रक चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।



