भिलाई। जयंती स्टेडियम में आयोजित शिव महापुराण कथा के दौरान भारी भीड़ का फायदा उठाकर वाहन चोरों ने जमकर वारदात को अंजाम दिया। 17 से 23 अगस्त तक चली कथा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। इसी दौरान स्टेडियम और आसपास पार्क किए गए दोपहिया वाहनों को चोरों ने निशाना बनाया। सात दिनों में 7 दोपहिया वाहन चोरी होने की शिकायत पुलिस तक पहुंची है। इनमें पांच बाइक और दो स्कूटी शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 1.38 लाख रुपये बताई गई है।
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस ने अलग-अलग मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस कथा स्थल, पार्किंग क्षेत्र, स्टेडियम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि सभी घटनाओं के पीछे एक ही वाहन चोर गिरोह है या अलग-अलग आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।
कथा सुनने गए श्रद्धालुओं के वाहन बने निशाना
20 अगस्त को टी. चंदु राव अपनी पत्नी के साथ शिव महापुराण कथा सुनने पहुंचे थे। उन्होंने सुबह करीब 11 बजे अपनी होंडा बाइक पार्किंग में खड़ी की और पंडाल में चले गए। दोपहर करीब 3 बजे कथा समाप्त होने के बाद लौटे तो बाइक गायब मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद वाहन का पता नहीं चला।
22 अगस्त को भी दो बाइक चोरी होने की शिकायत सामने आई। शंकर लाल साहू ने अपनी हीरो पैशन प्रो बाइक एसपीए रोड के किनारे खड़ी की थी। दोपहर करीब 1 बजे वाहन खड़ा करने के बाद वह कथा सुनने चले गए। शाम करीब 5 बजे लौटने पर बाइक गायब थी। इसी दिन दर्शन लाल फुल्लारे की हीरो पैशन प्रो बाइक भी चोरी हो गई। उन्होंने सुबह करीब 10:30 बजे बाइक खड़ी की थी और शाम को लौटने पर वाहन मौके से गायब मिला।
महज 15 मिनट में स्कूटी गायब
वाहन चोरों ने एक स्कूटी को इतनी तेजी से निशाना बनाया कि उसके मालिक को कुछ समझने का मौका तक नहीं मिला। देव कुमार साहू रात करीब 9 बजे होंडा डियो स्कूटी से कथा स्थल पहुंचे थे। स्कूटी खड़ी कर वह पंडाल में गए और करीब 15 मिनट बाद वापस लौटे तो वाहन वहां नहीं था।
एक अन्य घटना में आशीष चंदेल की स्प्लेंडर प्लस बाइक भी हैलीपैड के पास से चोरी हो गई। उन्होंने सुबह करीब 10:30 बजे बाइक खड़ी की थी और शाम करीब 4 बजे लौटे तो वाहन गायब मिला।
मां के साथ कथा सुनने पहुंची युवती की एक्टिवा चोरी
20 अगस्त को ज्योति साहू अपनी मां के साथ एक्टिवा से शिव महापुराण कथा सुनने पहुंची थीं। उन्होंने गणेश द्वार के पास स्कूटी खड़ी की और कथा पंडाल में चली गईं। अगले दिन शाम करीब 5 बजे लौटने पर एक्टिवा वहां नहीं मिली। बताया गया कि स्कूटी की डिक्की में आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य जरूरी दस्तावेज भी रखे थे।
इसी तरह चुम्मन लाल देवांगन की स्प्लेंडर प्लस बाइक भी हैलीपैड के पास से चोरी हो गई। वह रात करीब 7:30 बजे बाइक खड़ी कर कथा सुनने गए थे और रात करीब 10:30 बजे वापस लौटे तो वाहन गायब मिला।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
लगातार वाहन चोरी की शिकायतों के बाद पुलिस ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम स्टेडियम, पार्किंग स्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। संदिग्ध लोगों की गतिविधियों और वाहनों की आवाजाही के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि सातों घटनाओं में किसी संगठित वाहन चोर गिरोह की भूमिका है या अलग-अलग लोगों ने इन वारदातों को अंजाम दिया। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी वाले धार्मिक आयोजन के दौरान लगातार वाहन चोरी की घटनाओं ने पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पुलिस ने चोरी हुए वाहनों और आरोपियों से जुड़े सुराग जुटाने की कार्रवाई तेज कर दी है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।



