अभनपुर/गोबरा नवापारा। गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में लल्ला सोनवानी को छुड़ाने के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस ने मामले में एक और आरोपी अर्जुन टंडन को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, अर्जुन टंडन लल्ला सोनवानी का सहयोगी बताया जा रहा है।
अर्जुन टंडन की गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में अब तक कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को उसके क्षेत्र में जुलूस निकालकर भी घुमाया। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों में कानून का भय पैदा करने और सख्त संदेश देने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।
लगातार हो रही गिरफ्तारियां
पुलिस के अनुसार, लल्ला सोनवानी को छुड़ाने के मामले में शामिल आरोपियों की पहचान कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। मामले में कई गैर-जमानती धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के साथ-साथ मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
आगे भी हो सकती हैं गिरफ्तारियां
पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और मामले में जिन लोगों की भूमिका सामने आएगी, उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है।
गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में पुलिस की लगातार कार्रवाई से इस पूरे मामले में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



