CG NEWS: बिलासपुर में हाईटेंशन लाइन बनी मौत का कारण, करंट की चपेट में आकर दो राजमिस्त्रियों की दर्दनाक मौत

Date:

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे में दो राजमिस्त्रियों की करंट लगने से मौत हो गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के स्वर्ण जयंती नगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान में काम के दौरान 11 केवी हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दोनों मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मृतकों की पहचान रवि बंजारे और भूपेंद्र साहू के रूप में हुई है। दोनों डीएलएस कॉलेज के पास स्थित अटल आवास के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों ठेकेदार से चर्चा करने के बाद निर्माणाधीन भवन की ऊपरी मंजिल पर पहुंचे थे। इसी दौरान भवन के बेहद करीब से गुजर रही 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। बताया जा रहा है कि पहले एक राजमिस्त्री करंट की चपेट में आया और उसे बचाने के प्रयास में दूसरा साथी भी करंट की चपेट में आ गया।

मौके पर मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट का झटका इतना तेज था कि दोनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पहले भी जारी हो चुके थे नोटिस

  • घटना के बाद सामने आया कि जिस निर्माणाधीन मकान में हादसा हुआ, उसे लेकर नगर निगम पहले ही आपत्ति जता चुका था। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, स्वीकृत नक्शे के विपरीत निर्माण किए जाने पर अप्रैल, मई और जून में तीन बार नोटिस जारी किए गए थे।
  • नगर निगम अधिकारी अनुपम तिवारी ने बताया कि नोटिस के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहा। निगम ने अवैध हिस्से को हटाने की कार्रवाई भी की थी और शेष हिस्से को स्वयं हटाने के निर्देश दिए गए थे।
  • वहीं नगर निगम इंजीनियर जुगल किशोर ने बताया कि 4 अगस्त को मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया गया था और मकान मालिक से सात दिन के भीतर नक्शे के अनुसार निर्माण करने का लिखित आश्वासन भी लिया गया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने की बात सामने आई है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

इस हादसे ने निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों और हाईटेंशन बिजली लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन के बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन लाइन लंबे समय से खतरे का कारण बनी हुई थी।

पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में निर्माण की वैधता, नगर निगम की कार्रवाई, सुरक्षा मानकों का पालन और हादसे के लिए जिम्मेदार परिस्थितियों की पड़ताल की जाएगी।

Share post:

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related