मुंबई: टीवी अभिनेत्री देवोलीना भट्टाचार्जी ने असम में आई विनाशकारी बाढ़ को लेकर गहरी चिंता और दर्द व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक भावुक वीडियो में उन्होंने बताया कि उनकी मां अभी भी बाढ़ प्रभावित नजीरा में फंसी हुई हैं, जबकि उनके परिवार के कई घर पानी में डूब चुके हैं।वीडियो में भावुक होते हुए देवोलीना ने कहा कि वह अब तक इस मुद्दे पर इसलिए चुप थीं क्योंकि उन्हें डर था कि कैमरे के सामने अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख पाएंगी।उन्होंने कहा, “मुझे बहुत अफसोस है। इसी वजह से मैं अब तक वीडियो नहीं बना पाई। मुझे पता था कि मैं टूट जाऊंगी।”
शिवसागर और नजीरा से जुड़ी हैं देवोलीना की यादें
देवोलीना ने बताया कि शिवसागर और नजीरा उनके जीवन का अहम हिस्सा रहे हैं। उनका जन्म, बचपन, स्कूल और कॉलेज की पढ़ाई इन्हीं इलाकों में हुई है। ऐसे में इन जगहों को बाढ़ की चपेट में देखकर वह बेहद दुखी हैं।
मां सुरक्षित, लेकिन परिवार को भारी नुकसान
एक्ट्रेस ने बताया कि उनकी मां फिलहाल नजीरा में ही हैं। राहत की बात यह है कि उनका पुराना घर अपेक्षाकृत सुरक्षित इलाके में होने के कारण पूरी तरह जलमग्न नहीं हुआ। हालांकि, परिवार के अन्य सदस्यों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है।उन्होंने बताया कि उनकी दादी और चाची के घर पूरी तरह बाढ़ के पानी में डूब गए हैं और वहां कुछ भी नहीं बचा।
‘सबकुछ खत्म हो गया’
तबाही का दर्द बयां करते हुए देवोलीना ने कहा,
“सब कुछ खत्म हो गया है। कुछ भी नहीं बचा है। जैसा कि आप वीडियो में देख सकते हैं, वहां बिल्कुल कुछ भी नहीं बचा है।”उनके इस भावुक बयान ने सोशल मीडिया पर लोगों को झकझोर दिया। बड़ी संख्या में फैंस और शुभचिंतकों ने देवोलीना के परिवार की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की और असम में बाढ़ से प्रभावित सभी लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की।असम के कई जिलों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। हजारों लोग प्रभावित हुए हैं और राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी हैं।





