रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोमवार को एक चलती बाइक में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। भाठागांव इलाके में हुई इस घटना में बाइक सवार युवक ने समय रहते छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।जानकारी के मुताबिक, युवक अपनी होंडा शाइन बाइक से भाठागांव से तेलीबांधा की ओर जा रहा था। इसी दौरान बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा। युवक कुछ समझ पाता, उससे पहले ही बाइक में आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते पूरी बाइक आग के गोले में बदल गई।
युवक ने सूझबूझ से बचाई जान
बाइक में आग लगते ही युवक ने तुरंत वाहन रोका और बिना देर किए बाइक से कूद गया। उसकी सतर्कता के कारण बड़ा हादसा टल गया। घटना में युवक को कोई चोट नहीं आई।
सड़क पर मची अफरा-तफरी
चलती बाइक में आग लगने के बाद सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक कुछ ही मिनटों में पूरी तरह जलने लगी। आग के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।मौके पर मौजूद लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें तेजी से फैल गईं। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी।
VIDEO हुआ वायरल
घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें सड़क किनारे बाइक को आग की लपटों से घिरा हुआ देखा जा सकता है। राहगीरों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक जांच में बाइक में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी बताई जा रही है। हालांकि, आग लगने का वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि अगर वाहन से धुआं निकलने, जलने की गंध आने या किसी तकनीकी समस्या का संकेत मिले तो तुरंत वाहन रोककर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।





