सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती शहर में महामाया मंदिर के पास स्थित साईं मंदिर से भगवान साईं का चांदी का मुकुट चोरी होने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 500 ग्राम वजनी चांदी का मुकुट बरामद किया है। बरामद मुकुट की कीमत करीब 95 हजार रुपये बताई जा रही है।
मामले की जानकारी के अनुसार, साईं मंदिर से चांदी का मुकुट चोरी होने की सूचना मिलने पर विजय बहादुर ने थाना सक्ती में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि भगवान साईं के सिर पर लगा चांदी का मुकुट चोरी हो गया है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार होने का प्रयास कर रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल और एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा थाना क्षेत्र के ग्राम बिछुआ निवासी सतीश दुबे (37) को पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने सहयोगी ननकी राम चौहान (44), निवासी रायगढ़, के साथ मिलकर साईं मंदिर में चोरी करना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किया गया करीब 500 ग्राम वजन का चांदी का मुकुट बरामद कर लिया। गवाहों की मौजूदगी में मुकुट को विधिवत जब्त कर पुलिस ने अपने कब्जे में लिया।
पुलिस के अनुसार, विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों से दोनों आरोपियों की अपराध में संलिप्तता की पुष्टि हुई। इसके बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।



